पहाड़ की पहचान पर गर्व: प्रसून जोशी बोले— अब पहचान छिपाते नहीं, गर्व से बताते हैं उत्तराखंड के युवा

Dehradun, 14 November, 2026। प्रसार भारती के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और जड़ों को लेकर पिछली पीढ़ी की तुलना में कहीं अधिक आत्मविश्वास से भरी है। एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पहले लोग अपनी पहचान जाहिर करने से बचते थे, लेकिन अब युवा गर्व के साथ अपनी विरासत सामने रख रहे हैं, जो उत्तराखंड के नए उदय का संकेत है। इस मौके पर केंद्रीय सचिव सुधांश पंत, दिल्ली विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट और अभिनेत्री चित्रांशी रावत ने भी अपनी जन्मभूमि से जुड़ाव और प्रदेश के विकास पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी की अपनी बोली और भाषा पर भले ही उतनी पकड़ न हो, लेकिन अपनी पहचान को लेकर उसका आत्मविश्वास पिछली पीढ़ी से कहीं अधिक है।
युवाओं में अपनी जड़ों और संस्कृति के प्रति यह गर्व एक सकारात्मक बदलाव है। इसके लिए उन्होंने उत्तराखंड सरकार की सराहना की। इस दौरान उन्होंने अपनी कविता ‘ये उत्तराखंड का उदय है’ के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा और बदलती पहचान को भी शब्द दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की संस्कृति, गौरव और आत्मविश्वास इसकी असली ताकत हैं।
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत ने भी अपनी जन्मभूमि से जुड़ाव का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ स्थित उनके पैतृक गांव तक तीन साल पहले सड़क पहुंची। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। सड़क पहुंचने के बाद अब वह अपने 120 साल पुराने पैतृक मकान का जीर्णोद्धार करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जन्मभूमि हर किसी के लिए स्वर्ग के समान होती है और सेवानिवृत्ति के बाद वह अपना समय जन्मभूमि को समर्पित करना चाहते हैं।
दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि कर्मभूमि भले ही कहीं भी हो, लेकिन उत्तराखंड हमारी जन्मभूमि है और इस पर सभी को गर्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। वहीं, अभिनेत्री चित्रांशी रावत ने कहा कि पहाड़ के लोगों में सरलता के साथ अद्भुत जीवटता भी है। पहाड़ का व्यक्ति दुनिया में कहीं भी रहे, अपने भीतर के पहाड़ को हमेशा जीवित रखता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।



