उत्तराखंड

एप्पल मिशन योजना से बदली तकदीर: मीरिया गांव के राजेश बने क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणास्रोत

Nainbag/Tehri, 23 November, 2026। कभी परिवार की आजीविका के लिए होटल में नौकरी करने वाले जौनपुर ब्लॉक के मीरिया गांव निवासी राजेश सजवाण ने अपनी मातृभूमि लौटकर सेब की बागवानी को स्वरोजगार का सशक्त माध्यम बना लिया है। मात्र एक हजार पौधों से शुरू किया गया उनका यह नवाचार आज समृद्धि की नई कहानी लिख रहा है। वर्तमान में राजेश सेब उत्पादन से सालाना आठ से दस लाख रुपये की अच्छी आमदनी अर्जित कर रहे हैं। उनकी इस प्रेरक सफलता को देखकर आसपास के गांवों के किसान भी पारंपरिक खेती के साथ-साथ सेब की बागवानी की ओर तेजी से आकर्षित हुए हैं। परिणामस्वरूप, पूरे क्षेत्र में अब तक 100 से अधिक सेब के नए बगीचे तैयार हो चुके हैं।

पट्टी लालूर के मीरिया गांव निवासी राजेश ने वर्ष 2021-22 में राज्य सरकार की ‘एप्पल मिशन योजना’ के तहत 500 सेब के पौधे लगाकर इस सफर की शुरुआत की थी। उत्साहजनक परिणाम मिलने के बाद उन्होंने वर्ष 2023-24 में 500 और उन्नत पौधे रोपे। इस योजना के अंतर्गत पौधों की कुल लागत पर उन्हें 80 प्रतिशत सरकारी अनुदान प्राप्त हुआ, जबकि शेष 20 प्रतिशत खर्च उन्होंने स्वयं वहन किया।

शुरुआती दौर में क्षेत्र की जलवायु को लेकर स्थानीय लोगों और विशेषज्ञों के मन में सेब की खेती सफल होने पर संशय था, लेकिन राजेश ने हिम्मत नहीं हारी और वैज्ञानिक तरीके से देखभाल जारी रखी। समय के साथ बगीचे में फलन और उत्पादन बढ़ा, जिससे उनकी कड़ी मेहनत मुनाफे में बदलने लगी। आज उनके इस बगीचे से क्षेत्र के आठ से दस स्थानीय लोगों को नियमित रोजगार भी मिल रहा है।

बागवानी के विस्तार के दौरान सिंचाई की समस्या एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आई। खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंचाने के लिए लघु सिंचाई विभाग और सरकार के सहयोग से सोलर वाटर लिफ्टिंग पंप स्थापित किया गया, जिससे सिंचाई की समस्या का स्थायी समाधान हो गया। पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होने के बाद अब राजेश सेब के बगीचे में अंतःफसली खेती (इंटरक्रॉपिंग) के रूप में मटर, शिमला मिर्च और टमाटर की व्यावसायिक खेती भी कर रहे हैं, जिससे उनकी अतिरिक्त आय हो रही है।

राजेश का मानना है कि जिस क्षेत्र में कभी सेब उत्पादन को लेकर लोग आशंकित थे, वहां आज किसान स्वयं आगे बढ़कर बगीचे तैयार कर रहे हैं। उनका संदेश है कि यदि पहाड़ के युवा पलायन करने के बजाय अपनी पैतृक जमीन और उपलब्ध सरकारी संसाधनों का सही इस्तेमाल करें, तो वे अपने गांव में ही रहकर सम्मानजनक रोजगार और बेहतर आर्थिक स्थिति हासिल कर सकते हैं।

जिला उद्यान अधिकारी पंकज पटवाल के अनुसार, जिले में वर्ष 2020-21 से एप्पल मिशन योजना का सफल संचालन किया जा रहा है। इसके तहत उच्च गुणवत्ता वाली एमएम-111 और एम-9 प्रजाति के सेब के पौधे निर्धारित मानकों के अनुसार लगाए जा रहे हैं। विभाग द्वारा किसानों को आर्थिक अनुदान के साथ-साथ बागवानी से जुड़ी आधुनिक तकनीकी जानकारी और निरंतर मार्गदर्शन भी प्रदान किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button