टिहरी प्रवास पर बोलीं रुचि भट्ट- आत्मनिर्भर बन रही हैं पहाड़ की महिलाएं

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने अपने दो दिवसीय टिहरी जनपद प्रवास के दौरान संगठन की मजबूती और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दी। प्रवास के दौरान उन्होंने न केवल आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को जीत का मूल मंत्र दिया, बल्कि स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं के कार्यों की जमकर सराहना भी की। चंबा में खड्डी से तैयार शॉल-स्वेटर हों या चोपड़िया गांव में बुरांश का जूस और पारंपरिक अचार, रुचि भट्ट ने ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को धरातल पर उतार रही मातृशक्ति का उत्साहवर्धन किया। मुनि की रेती से लेकर मसूरी मंडल तक हुए भव्य स्वागत कार्यक्रमों के बीच उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस दौरान प्रवास के लिए प्रस्थान करते हुए रुचि भट्ट ने हर्रावाला में पूर्व प्रधान मूलचंद शीर्षवाल के निवास पर आयोजित पावन रामायण पाठ में सहभागिता कर प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त किया। टिहरी जनपद में प्रवेश पर मुनि की रेती मंडल में मंडल अध्यक्ष भगवती काला की अध्यक्षता में महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।
तीलू रौतेली सम्मान से पुरस्कृत रीना उनियाल के प्रतिष्ठान का अवलोकन कर मातृशक्ति के साथ संवाद स्थापित किया गया। इस दौरान बहनों ने भाजपा सरकार द्वारा नारी सशक्तिकरण हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री डा. हिमानी वैष्णवी, मीडिया सह संयोजक बीना जोशी, गढ़वाल संयोजक रेखा डंगवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष इंद्रा आर्या एवं जिला महामंत्री वैभव थपलियाल उपस्थित रहे। वहीं दूसरी ओर नरेंद्र नगर में स्वागत कार्यक्रम आयोजित हुआ तथा मां कुंजापुरी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। चंबा पहुंचने पर जिलाध्यक्ष इंदु डंगवाल, मंडल अध्यक्ष नीरज खत्री एवं शोभानी धनौलाके नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर सभी उपस्थित जनों ने वीर सपूत श्रीदेव सुमन को श्रद्धापूर्वक पुष्पांजलि अर्पित की गई।
चंबा क्षेत्र में रुचि भट्ट ने कुटीर एवं लघु उद्योग से जुड़ी महिलाओं के कार्यों का अवलोकन किया। खड्डी से तैयार किए जा रहे शॉल एवं स्वेटर की सराहना करते हुए उन्होंने इसे महिलाओं की आत्मनिर्भरता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। इस अवसर पर ऊषा नकोटी के नेतृत्व में लगभग तीन सौ महिलाएं रोजगार से जुड़कर सशक्त हो रही हैं।
सोमगिरी स्वयं सहायता समूह के माध्यम से संचालित जल शुद्धिकरण प्लांट का निरीक्षण किया गया। पवना देवी की इस पहल को सराहते हुए उन्होंने कहा कि यह स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन एवं महिलाओं की आर्थिक सशक्तता का सशक्त माध्यम है। टिहरी विधानसभा के चोपड़िया गांव में हिल्स एनजीओ की संस्थापक आशा डबराल के संचालित स्थानीय उत्पादों की पहल का भी अवलोकन किया गया। बुरांश का जूस, तिमला-मिर्च का अचार एवं अन्य पारंपरिक उत्पादों को देखकर उन्होंने कहा कि यह ‘वोकल फॉर लोकल’ एवं ‘आत्मनिर्भर भारत’ की भावना को सशक्त करता है। इस पहल से लगभग पंद्रह महिलाएं रोजगार प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। द्वितीय दिवस पर नई टिहरी में भाजपा कार्यालय में स्वयं सहायता समूहों एवं महिला कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। नैनबाग मंडल के केम्पटी फॉल में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सविता सेमवाल एवं जिला मंत्री कविता ने उनका स्वागत किया गया। प्रवास के अंतिम चरण में मसूरी मंडल पहुंचने पर मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल एवं जिला उपाध्यक्ष पुष्पा पडियार के नेतृत्व में रुचि भट्ट का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष ओ पी उनियाल सहित महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे ओर यहां आयोजित परिचयात्मक बैठक में सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।



