उत्तराखंडक्राइम

बागेश्वर में स्कूल जा रहे GIC प्रधानाचार्य की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या, आरोपी कर्मचारी फरार

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के भटखोला क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। शनिवार सुबह राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा (55) की उनके ही एक कर्मचारी ने चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी कर्मचारी पिछले चार महीनों से वेतन न मिलने के कारण नाराज चल रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना शनिवार सुबह की है। बताया जा रहा है कि विद्यालय का एक कर्मचारी अल्मोड़ा लंमगड़ा निवासी नवल किशोर सोराड़ी पहले से रास्ते में मौजूद था।

आरोप है कि प्रधानाचार्य के वहां पहुंचते ही उसने चाकू से उन पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके। बताया जा रहा है कि नवल किशोर का चार माह का वेतन रुका हुआ था। इससे वह नाराज चल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। जिला अस्पताल में शिक्षकों, स्थानीय नागरिकों और परिचितों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

शिक्षक समुदाय ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की हैं और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button