उत्तराखंड

राज्य बोर्ड का पाठ्यक्रम न लागू करने वाले मदरसे होंगे बंद, सीएम धामी की सख्त चेतावनी

Dehradun, 30 August, 2026। उत्तराखंड में शैक्षिक मानकों में पारदर्शिता लाने और व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से धामी सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ कर दिया है कि राज्य शिक्षा बोर्ड द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम को लागू न करने वाले मदरसों को तुरंत बंद किया जाएगा और उन्हें संचालन की अनुमति नहीं मिलेगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मौलवी जाहिद रजा के विवादित बयान की जांच और प्रदेश में 13 हजार एकड़ भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने के अभियान की प्रगति की जानकारी भी साझा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पहले भी स्पष्ट कर चुके हैं और एक बार फिर दोहरा रहे हैं कि जो मदरसे राज्य शिक्षा बोर्ड से मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रम को नहीं अपनाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ऐसे संस्थानों को किसी भी स्तर पर अनुमति नहीं दी जाएगी।

सरकार का जोर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निर्धारित पाठ्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन पर है। मौलवी जाहिद रजा के कथित बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बयान में इस्तेमाल भाषा और इतिहास के संदर्भों की गंभीरता से जांच की जा रही है। यदि किसी बयान के माध्यम से अराजकता, दंगा या अशांति भड़काने का प्रयास सामने आता है तो कड़े कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दोष पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अब तक करीब 13 हजार एकड़ भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा और प्रशासन कानून के दायरे में सख्ती से कार्रवाई करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button