उत्तराखंड

अब सरकारी स्तर पर आयोजित होगा गोर्खाली समाज का हरितालिका तीज उत्सव

Dehradun, 07 September, 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की है कि उत्तराखंड में ‘हरितालिका तीज उत्सव’ को भविष्य में सरकारी स्तर पर भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित जसवंत सिंह ग्राउंड में आयोजित गोर्खाली महिला हरितालिका तीज उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रविवार को मुख्यमंत्री जसवंत सिंह ग्राउंड, गढ़ी कैंट में आयोजित गोर्खाली महिला हरितालिका तीज उत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया है। समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं के अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।  उन्होंने उत्तराखंड की विकास यात्रा में गोर्खाली समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वीरता, राष्ट्रभक्ति, निष्ठा और परिश्रम इस समाज की पहचान हैं। देश की सीमाओं की रक्षा में गोर्खा वीरों ने अदम्य साहस और शौर्य का परिचय दिया है। शिक्षा, खेल, कला-साहित्य और समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में गोर्खाली समाज ने प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में अमर शहीद कप्तान दल बहादुर थापा की स्मृति में ‘आजाद हिंद फौज शहीद द्वार’ का शिलान्यास किया गया है। यह द्वार गोर्खा समाज के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति की याद दिलाएगा तथा भावी पीढ़ी को उनके बलिदान से परिचित कराएगा। धामी ने कहा कि हरितालिका तीज माता पार्वती की तपस्या, विश्वास, समर्पण और शक्ति का प्रतीक है। ऐसे पर्व महिलाओं की शक्ति और संकल्प को रेखांकित करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि माताएं और बहनें भाषा, लोक परंपराओं, संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत की सबसे बड़ी संरक्षक हैं।

स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। ये महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, आचार्य बालकृष्ण, गीता पुष्कर धामी, गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा, गोर्खाली महिला हरितालिका तीज उत्सव कमेटी की अध्यक्ष प्रभा शाह, गोरखा कल्याण परिषद की अध्यक्ष ज्योति कोटिया, नेहा जोशी, सिद्धार्थ अग्रवाल, अनुकृति गुसाईं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button