उत्तराखंडक्राइम

घास लेने जंगल गई महिला पर भालू का हमला, गंभीर घायल, एम्स ऋषिकेश में भर्ती

नई टिहरी । जनपद टिहरी के थौलधार विकासखंड अंतर्गत सुल्याधार क्षेत्र में भालू के हमले से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। ग्राम नकोट के सोलंकी तोक निवासी 26 वर्षीय लक्ष्मी देवी उस वक्त हमले का शिकार हुईं जब वह जंगल में घास काट रही थीं। ग्रामीणों ने घायल महिला को किसी तरह बचाकर अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से गंभीर हालत देखते हुए उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, तीनों महिलाएं गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में घास एकत्र कर रही थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक लक्ष्मी देवी पर हमला कर दिया। हमले से सहमी अन्य महिलाएं शोर मचाते हुए गांव की ओर दौड़ीं और ग्रामीणों को सूचना दी।
ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने तक भालू महिला को गंभीर रूप से घायल कर चुका था। बताया जा रहा है कि हमले में लक्ष्मी देवी के चेहरे पर गहरे घाव आए हैं। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए शोर-शराबा कर किसी तरह भालू को भगाया और घायल महिला को अस्थायी स्ट्रेचर की मदद से करीब दो किलोमीटर दूर सड़क तक पहुंचाया।
इसके बाद 108 एंबुलेंस के माध्यम से महिला को जिला अस्पताल बौराड़ी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। हालत गंभीर होने के चलते उसे एम्स ऋषिकेश रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम हरकत में आ गई। वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप चौहान ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि विभाग की ओर से पीड़िता को हर संभव सहायता दी जाएगी और मुआवजा प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button