चंपावत अस्पताल को मिली ब्लड सेपरेशन यूनिट, सीएम धामी ने किया लोकार्पण

Champawat, 21 August, 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत को आदर्श जिला बनाने के संकल्प के तहत जिला चिकित्सालय में 50 लाख रुपये की लागत से पहली ‘ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट’ का वर्चुअल लोकार्पण किया। उन्होंने राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और डॉक्टरों की तैनाती को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। इस नई सुविधा के शुरू होने से अब चंपावत के आपातकालीन और गंभीर मरीजों को जीवनरक्षक रक्त घटकों के लिए अन्य जिलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। गुरुवार को मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 50 लाख रुपये की लागत से ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का लोकार्पण किया। कहा कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने के संकल्प के तहत स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट शुरू होने से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक जीवनरक्षक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगे। चंपावत में पहली बार यह सुविधा शुरू हुई है। इससे पहले कुमाऊं के जिला चिकित्सालयों में यह सुविधा रुद्रपुर और पिथौरागढ़ में उपलब्ध थी। धामी ने कहा कि जिला चिकित्सालय में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक तैयार किया गया है। इसके अलावा सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। करीब 11.71 करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग, डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी जारी है।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि ब्लड कंपोनेंट यूनिट से गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा और रक्त संबंधी जरूरतों के लिए अन्य जिलों पर निर्भरता कम होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और जन-केंद्रित बनाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं का आदर्श मॉडल बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।



