चोपता-तुंगनाथ में आंधी-तूफान का कहर, मलबे में दबने से एक की मौत, एक गंभीर घायल

रुद्रप्रयाग। जनपद के सुप्रसिद्ध चोपता-तुंगनाथ क्षेत्र में शुक्रवार शाम आए भीषण आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है। खराब मौसम के बीच यहां एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। शुक्रवार शाम करीब 4:17 बजे 112 आपातकालीन सेवा के माध्यम से जिला प्रशासन को सूचना मिली कि चोपता-तुंगनाथ ट्रैक पर अचानक आए तेज आंधी-तूफान के कारण कई लोग फंस गए हैं और वहां बड़ा हादसा हुआ है। सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र तत्काल एक्टिव मोड में आ गया। जिला प्रशासन के निर्देश पर डीडीआरएफ (DDRF) और 108 एम्बुलेंस की टीमों को तत्काल घटना स्थल के लिए रवाना किया गया।
विपरीत परिस्थितियों के बीच डीडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने मलबे और आंधी की चपेट में आए एक घायल व्यक्ति को बेहद सूझबूझ से सुरक्षित बाहर निकाला। घायल को 108 एम्बुलेंस के जरिए तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। थाना ऊखीमठ पुलिस के अनुसार, इस हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेज दिया है। शासन-प्रशासन द्वारा घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।



