उत्तराखंडराजनीति

राहुल गांधी का 4-5 जून को दो दिवसीय दौरा, कुमारी शैलजा ने का लिया तैयारियों जायजा

देहरादून। आगामी 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 4 और 5 जून को राज्य के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। इस महत्वपूर्ण दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देने रविवार को कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा सह-प्रभारियों के साथ देहरादून पहुँचीं। उन्होंने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण करने के बाद पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की और दावा किया कि राहुल गांधी का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नया जोश भरेगा, जिससे प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का रास्ता साफ होगा। अपने इस दौरे में राहुल गांधी अल्मोड़ा में जनसभा, पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद और देहरादून में संगठन के नेताओं के साथ मैराथन बैठकें करेंगे। 2 देहरादून। उत्तराखंड में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां अभी से तेज हो गई हैं। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्य की सत्ता में वापसी के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

देहरादून पहुंचने पर कुमारी शैलजा ने सबसे पहले प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के साथ राहुल गांधी के हरिद्वार बाईपास स्थित प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद वे राजपुर रोड स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, प्रभारियों और कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण और मैराथन बैठक की। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 2027 के राज्य विधानसभा चुनाव को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं। यही कारण है कि चुनाव से काफी पहले उन्होंने राज्य के सांगठनिक ढांचे को मजबूत करने और जनता की नब्ज टटोलने के लिए अपने दो दिन का बहुमूल्य समय उत्तराखंड को दिया है। 04 जून (कुमाऊं और गढ़वाल दौरा) दौरे के पहले दिन राहुल गांधी कुमाऊं मंडल के अल्मोड़ा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसी दिन वह गढ़वाल मंडल के पौड़ी का रुख करेंगे, जहां वह पूर्व सैनिकों के साथ एक विशेष संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। 05 जून (राजधानी में महामंथन) दौरे के दूसरे दिन राहुल गांधी देहरादून में रहेंगे। यहाँ वह पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों से सीधा संवाद करेंगे। कुमारी शैलजा ने अपने संबोधन में वर्तमान राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड की जनता इस शासन से त्रस्त हो चुकी है और प्रदेश में हर तरफ बदलाव की बयार चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों पर ‘कुंभकर्णी निद्रा’ में सोई हुई है।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है; हमारी बेटियों को न्याय नहीं मिल रहा है, और युवाओं के पास रोजगार के साधन नहीं हैं। बेरोजगारी का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। राहुल गांधी अल्मोड़ा की रैली के माध्यम से इसी सोई हुई सरकार की नींद को तोड़ने का काम करेंगे। उन्होंने भाजपा के भीतर चल रही गुटबाजी पर भी चुटकी ली और कहा कि आज उत्तराखंड सरकार में आपसी तालमेल की भारी कमी है। मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और संगठन के नेता अंदरूनी कलह में उलझे हुए हैं, जिसका सीधा नुकसान राज्य के विकास को हो रहा है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि जनता की इस नाराजगी को समझें, जमीनी स्तर पर सक्रिय हों और प्रदेश में बदलाव के लिए अभी से कमर कस लें। कांग्रेस प्रभारी ने बताया कि पौड़ी में पूर्व सैनिकों के साथ होने वाला संवाद मील का पत्थर साबित होगा। कांग्रेस हमेशा से पूर्व सैनिकों के मान-सम्मान और अधिकारों के लिए लड़ती रही है, और खुद राहुल गांधी का उनके बीच पहुंचना गौरव की बात है।

वहीं, 5 जून को देहरादून में होने वाले संवाद कार्यक्रम को लेकर उन्होंने बताया कि राहुल गांधी यहां प्रदेश पदाधिकारियों, पूर्व सांसदों, मौजूदा व पूर्व विधायकों, जिला अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों, एआईसीसी (AICC) व पीसीसी (PCC) सदस्यों और फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वह न केवल 2027 के चुनाव के लिए सभी को रणनीतिक मार्गदर्शन देंगे, बल्कि जमीनी हकीकत जानने के लिए नेताओं के सुझाव भी आमंत्रित करेंगे। बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी का यह दौरा उत्तराखंड के ज्वलंत मुद्दों को राष्ट्रीय पटल पर लाने का काम करेगा। इससे कार्यकर्ताओं का उत्साह दोगुना होगा और पूर्व सैनिकों को पार्टी से जोड़ने में बड़ी मदद मिलेगी। चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत और चुनाव कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री प्रीतम सिंह ने भी बैठक को संबोधित करते हुए सभी कार्यकर्ताओं से अपनी पूरी शक्ति इस दौरे को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने में लगाने की अपील की।

इस महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक में पूर्व मंत्री मंत्रीप्रसाद मैथानी, हीरा सिंह बिष्ट, नव प्रभात, प्रदेश महामंत्रियों में राजेंद्र भंडारी, विजय सारस्वत व राजेंद्र शाह शामिल हुए। साथ ही उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, धीरेंद्र प्रताप, कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा, नवीन जोशी, गोदावरी थापली, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राम रतन सिंह नेगी, वरिष्ठ नेता प्रभु लाल बहुगुणा, जोत सिंह गुनसोला, प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसोनी, शीशपाल सिंह बिष्ट और डॉ. प्रतिमा सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में पदाधिकारी व कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button