उत्तराखंडपर्यटन

मौसम बिगड़ने से केदारनाथ यात्रा पर लगा ब्रेक, प्रशासन अलर्ट

रुद्रप्रयाग/चमोली/श्रीनगर। उत्तराखंड में बदले मौसम के मिजाज ने भीषण गर्मी से राहत तो दी है, लेकिन चारधाम यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक दो दिनों से जारी आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। केदारनाथ पैदल मार्ग पर लगातार हो रही भारी बारिश के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से यात्रा को तत्काल प्रभाव से रोक दिया, जिससे हजारों श्रद्धालु गौरीकुंड, सोनप्रयाग और गुप्तकाशी जैसे पड़ावों पर ठिठक गए। हालांकि, दोपहर बाद मौसम साफ होने पर यात्रियों को आगे रवाना किया गया, लेकिन रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा समेत पूरा प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर है और यात्रियों से लगातार फूंक-फूंक कर कदम रखने की अपील की जा रही है।

रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि जिले में देर रात से लगातार वर्षा हो रही है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए केदारनाथ पैदल मार्ग पर यात्रा को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। मार्ग में मौजूद यात्रियों को निकटतम होल्डिंग सेंटरों और सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जा रहा है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों, पुलिस अधिकारियों और संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यात्रा मार्ग की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम की स्थिति सामान्य होने और मार्ग की सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button