थानो में विवादित मस्जिद और मदरसा परिसर को MDDA ने किया सील

देहरादून। लंबे समय से विवादों में घिरी थानो स्थित मस्जिद और मदरसा परिसर को मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने सोमवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी तरह सील कर दिया। प्राधिकरण के अनुसार, भवन की पहली और दूसरी मंजिल पर बिना जरूरी स्वीकृतियों के मस्जिद और बिना पंजीकरण के मदरसा चलाया जा रहा था। उत्तराखंड वक्फ बोर्ड की NOC और मदरसा शिक्षा परिषद का पंजीकरण दिखाने के लिए कई बार मोहलत दी गई थी, लेकिन तय समय में दस्तावेज पेश न करने पर यह सख्त कानूनी कदम उठाया गया। पूर्व में पिछले साल 17 दिसंबर को इसके प्रथम तल को सील किया गया था, जिसके बाद जामा मस्जिद की इंतजामिया कमेटी ने इमामों के आवास की व्यवस्था न होने का हवाला देकर समय मांगा था।
एमडीडीए ने मोहलत दी थी और उत्तराखंड वक्फ बोर्ड से एनओसी तथा उत्तराखंड मदरसा शिक्षा परिषद से पंजीकरण से जुड़े अभिलेख मांगे थे। इसके लिए सात जनवरी और 11 फरवरी को सुनवाई की तिथियां भी तय की गईं, लेकिन संबंधित पक्ष तय समय में दस्तावेज पेश नहीं कर सका। लगातार नोटिस और पर्याप्त अवसर दिए जाने के बावजूद नियमों का अनुपालन न होने पर सोमवार को भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में संपूर्ण अवैध निर्माण को सील कर दिया गया। एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण का उद्देश्य किसी समुदाय विशेष को लक्षित करना नहीं, बल्कि कानून का समान रूप से पालन सुनिश्चित करना है।



