सीएम धामी कैबिनेट की बैठक में 10 प्रस्तावों पर मुहर, इंटर्न डॉक्टरों को अब हर महीने मिलेंगे 25,000 रुपये स्टाइपेंड

Dehradun 12 September, 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित कैबिनेट बैठक में युवाओं, स्वास्थ्य, खेल और पर्यटन से जुड़े 10 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक के निर्णयों की जानकारी देते हुए महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि सरकार ने राज्य के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों के मासिक स्टाइपेंड को 17,000 रुपये से बढ़ाकर न्यूनतम 25,000 रुपये करने की मंजूरी दे दी है। इस फैसले से प्रदेश के लगभग 500 प्रशिक्षु डॉक्टरों को प्रतिमाह 8,000 रुपये का सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा कैबिनेट ने पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी की राह आसान करने समेत कई अन्य जनहितैषी फैसलों को हरी झंडी दिखाई है। उन्होंने बताया राज्य के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। अब इंटर्न डॉक्टरों को न्यूनतम 25 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा। वर्तमान में उन्हें 17 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं।
कैबिनेट के इस फैसले से राज्य के मेडिकल कॉलेजों में प्रशिक्षण ले रहे तकरीबन 500 इंटर्न डॉक्टरों को प्रतिमाह आठ हजार रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा। सरकार का मानना है कि इससे मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रशिक्षु डॉक्टरों को प्रोत्साहन मिलेगा। गौरतलब है कि इंटर्न डॉक्टर पिछले कई दिनों से कार्य बहिष्कार और हड़ताल पर थे, और उनकी मांग स्टाइपेंड को बढ़ाकर 30,000 रुपये प्रति माह करने की थी। हालांकि, सरकार ने इसे 25,000 रुपये करने पर मुहर लगाई है। उत्तराखंड में वर्तमान में श्रीनगर, हल्द्वानी, देहरादून, हरिद्वार और अल्मोड़ा में पांच राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। इन कॉलेजों में एमबीबीएस के साथ पीजी पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। राज्य सरकार दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दे रही है। इसी क्रम में इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया है।



