एमडीडीए मैस्कॉट और स्लोगन प्रतियोगिता: विजेताओं को मिला सम्मान, स्नेहा भण्डारी और अंकित सिंह रावत रहे अव्वल

Dehradun, 01 October, 2026। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने जनभागीदारी और रचनात्मकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक अनूठी पहल की है। एमडीडीए कार्यालय में आयोजित एक विशेष समारोह में मैस्कॉट डिज़ाइन एवं स्लोगन प्रतियोगिता के विजेताओं को नकद राशि और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने आम जनता के जुड़ाव और भविष्य के नवाचारों को रेखांकित किया। मैस्कॉट डिजाइन वर्ग में स्नेहा भण्डारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिन्हें 50 हजार रुपये और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया। इसके अलावा अनुराग रमोला को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 30 हजार रुपये तथा अंकिता बिष्ट को तृतीय पुरस्कार के रूप में 15 हजार रुपये से नवाजा गया।
वहीं, स्लोगन प्रतियोगिता में अंकित सिंह रावत का स्लोगन सबसे अव्वल रहा, जिन्हें प्रथम पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपये और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि यह रचनात्मकता इस बात का प्रमाण है कि आम जनमानस में एमडीडीए को लेकर अपनी एक अनूठी कल्पना है। प्राधिकरण भविष्य में भी विकास के साथ जनभागीदारी और नवाचार को निरंतर प्राथमिकता देता रहेगा।
कार्यक्रम में संयुक्त सचिव गौरव चटवाल, वित्त नियंत्रक संजीव कुमार समेत प्राधिकरण के तमाम अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी शामिल रहे। गौरतलब है कि एमडीडीए की तरफ से गत तीन अगस्त से 16 अगस्त के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य केवल एक प्रतीक या स्लोगन चुनना नहीं था, बल्कि प्राधिकरण की कार्यशैली और भविष्य के विजन को जनता की रचनात्मक अभिव्यक्ति देना था।



