अब जल्द होगा लीगेसी कचरे का शत-प्रतिशत वैज्ञानिक निस्तारण

Dehradun, 03 October, 2026। उत्तराखंड में शेष लीगेसी कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण को लेकर शहरी विकास विभाग ने समयसीमा तय कर दी है। राज्य में 31 मार्च 2027 तक शेष लीगेसी कचरे का शत-प्रतिशत वैज्ञानिक निस्तारण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गांधी जयंती पर शहरी विकास निदेशालय में आयोजित कार्यक्रम में शहरी विकास निदेशक विनोद गोस्वामी ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से वर्ष 2014 में स्वच्छ भारत मिशन शुरू किया गया था। इसके तहत घर-घर कूड़ा संग्रहण, वैज्ञानिक निस्तारण और पुराने जमा कचरे के निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता जनस्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ी है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना में उत्कृष्ट कार्य के लिए अपर निदेशक प्रवीण कुमार, राजीव पाण्डे और जगबीर सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्वच्छता के प्रति संकल्प लिया।



