उत्तराखंडखेल

डिपार्टमेंट क्रिकेट लीग (DCL) 2026: हिमांशु सोनी का तूफानी शतक, DCL में आर्मी वॉरियर्स, दून सुपर कॉप्स, सिडकुल और MDDA की धमाकेदार जीत

Dehradun, 03 October, 2026। राजधानी दून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज ग्राउंड और राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में डिपार्टमेंट क्रिकेट लीग (DCL) 2026 के तहत रोमांचक मुकाबले खेले गए। आज के मैचों में ARMY WARRIORS, दून सुपर कॉप्स, सिडकुल राइजिंग स्टार और MDDA वॉरियर्स ने अपने-अपने मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

हिमांशु के ऑलराउंड प्रदर्शन से ARMY WARRIORS विजयी: दिन के एक प्रमुख मुकाबले में ARMY WARRIORS ने RISHIKESH COPS को 47 रनों से मात दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ARMY WARRIORS ने निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 213 रनों का विशाल स्कोर बनाया। टीम के कप्तान हिमांशु सोनी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 66 गेंदों में 11 चौकों और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 109 रनों की शतकीय पारी खेली। उनका बेहतरीन साथ देते हुए जगदीश रातुरी ने 37 और हानिश गौर ने 15 गेंदों में 28 रन बनाए। RISHIKESH COPS के लिए नवीन ने 2 और सुमित यादव ने 1 विकेट लिया।

214 रनों के बड़े लक्ष्य के जवाब में RISHIKESH COPS की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 166 रन ही बना सकी। मंगल सिंह कंदारी ने सर्वाधिक 31 रन बनाए, जबकि योगेंद्र चौहान और पाल मनीष ने 23-23 रन जोड़े। ARMY WARRIORS के लिए कप्तान हिमांशु सोनी ने गेंद से भी कमाल दिखाते हुए 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट झटके, वहीं अखिलेश राणा ने 2 विकेट हासिल किए।

दून सुपर कॉप्स ने पौड़ी पंचायतीराज को 55 रनों से हराया: महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज ग्राउंड में खेले गए एक अन्य दोपहर के मैच में दून सुपर कॉप्स ने पौड़ी पंचायतीराज को 55 रनों से पराजित किया। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए दून सुपर कॉप्स ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 181 रन बनाए। कप्तान रविंदर एस. बिष्ट ने 30 गेंदों में 46 रनों की कप्तानी पारी खेली, जबकि धर्मेन्द्र पटवाल ने 39 और यशपाल गुसाईं ने 26 रन बनाए। पौड़ी पंचायतीराज के गेंदबाज तरुण यादव ने 31 रन देकर 4 विकेट चटकाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पौड़ी पंचायतीराज की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और 26 रन पर ही उसके 4 विकेट गिर गए। मंदीप कुमार (मैंडी) ने 43 रन और अविनाश ने 22 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन पूरी टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 126 रन ही बना पाई। दून सुपर कॉप्स के राहुल रावत (4/17) और अर्जुन चौहान (4/33) की धारदार गेंदबाजी के आगे विरोधी बल्लेबाज टिक नहीं सके।

सिडकुल राइजिंग स्टार ने IT रुद्रा को 6 विकेट से दी शिकस्त: राजीव गांधी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सिडकुल राइजिंग स्टार ने IT रुद्रा को 6 विकेट से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए IT रुद्रा की पूरी टीम 20 ओवर में 139 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से प्रीतम रावत ने 40 और सत्यम राठौर ने 12 गेंदों में 25 रन बनाए। सिडकुल के श्रेय मोहन ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 20 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि कप्तान मो. इलियास अहमद और विपिन रघुवंशी ने 2-2 विकेट लिए।

140 रनों के लक्ष्य को सिडकुल राइजिंग स्टार ने 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। कप्तान मो. इलियास अहमद ने नाबाद 49 रन (30 गेंद), महेंद्र सिंह नेगी ने 25 और मोनू रावत ने 24 रन बनाए, जबकि अंत में श्रेय मोहन ने 14 रन की नाबाद पारी खेली।

MDDA वॉरियर्स की UDD डेयरडेविल्स पर 79 रनों की बड़ी जीत: महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए एक और एकतरफा मुकाबले में MDDA वॉरियर्स ने UDD डेयरडेविल्स को 79 रनों से हरा दिया। UDD डेयरडेविल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसे MDDA के बल्लेबाजों ने गलत साबित कर दिया। MDDA वॉरियर्स ने 20 ओवर में 188/3 का मजबूत स्कोर बनाया। नीरज एस. सौन ने 40 गेंदों में 8 चौके व 2 छक्कों की मदद से 67 रन बनाए। विनोद ऐर ने 45 रन और दीपक सामंत ने 14 गेंदों में तेज तर्रार नाबाद 27 रन जोड़े।

जवाब में Uजीत डेयरडेविल्स की टीम वॉरियर्स के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने 18.5 ओवर में मात्र 109 रनों पर ऑलआउट हो गई। प्रदीप दयाल ने सर्वाधिक 31 रन बनाए। MDDA वॉरियर्स के लिए मनवीर पंवार, राहुल मणि और दीपक सामंत ने 2-2 विकेट हासिल किए। मैच के दौरान आयोजक मंडल से अध्यक्ष दीपक जोशी, किरण सिंह, अमित घई और रवि बृज दीपक कोठियाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button