पहाड़ के उत्पादों की नई उड़ान, ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ का कारोबार पहुंचा छह करोड़

Dehradun, 07 October, 2026। उत्तराखंड के पहाड़ों में तैयार होने वाले स्थानीय उत्पाद अब गांव की चौपाल और स्थानीय बाजारों से निकलकर देश-दुनिया के बाजार तक पहुंच रहे हैं। मंडुवा, दाल, मसाले, शहद, तेल, हर्बल उत्पाद और हस्तशिल्प को एक मंच देने वाले ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ने अपनी शुरुआत के बाद करीब छह करोड़ रुपये का कारोबार किया है। खास बात यह है कि इस पहल से 55 क्लस्टर लेवल फेडरेशन के माध्यम से करीब 5500 प्रत्यक्ष महिला लाभार्थी जुड़ी हैं, जिससे स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलने के साथ ग्रामीण महिलाओं के लिए आय के नए अवसर भी बन रहे हैं। इस ब्रांड की खास बात यह है कि इसके पीछे बड़े कारोबारी घराने नहीं, बल्कि पहाड़ की महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों की मेहनत भी जुड़ी है। वर्तमान में 55 क्लस्टर लेवल फेडरेशन से करीब 5500 प्रत्यक्ष महिला लाभार्थी ब्रांड की आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी हैं। यानी गांव में तैयार उत्पाद को बाजार मिलने के साथ कमाई का रास्ता भी गांव तक पहुंच रहा है।
‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ को दिसंबर 2023 में देहरादून में आयोजित उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉन्च किया था। इसके बाद स्थानीय उत्पादों को एक समान पहचान, बेहतर पैकेजिंग और गुणवत्ता के साथ बाजार में उतारने की प्रक्रिया तेज हुई। आज ब्रांड के तहत कुल 83 उत्पाद उपलब्ध हैं। इनमें मिलेट्स, दालें, चावल, मसाले, शहद, तेल-घी, हर्बल उत्पाद, बेकरी, पर्सनल केयर और हस्तशिल्प जैसी कई श्रेणियां शामिल हैं। अब ग्राहक इन उत्पादों को घर बैठे भी मंगा सकते हैं। हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद Amazon और Flipkart के साथ Blinkit, Swiggy Instamart और BigBasket जैसे प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं। ब्रांड की अपनी D2C वेबसाइट से भी खरीदारी की जा सकती है। खास बात यह है कि Amazon Global के जरिए उत्पाद अमेरिका और कनाडा तक पहुंच रहे हैं।
हाउस ऑफ हिमालयाज उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने की महत्वपूर्ण पहल है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकल से ग्लोबल के विजन के अनुरूप इस ब्रांड के माध्यम से प्रदेश की मातृशक्ति, किसान और ग्रामीण उद्यमियों के उत्पादों को अंतराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। हमारा लक्ष्य है कि उत्तराखंड के गांवों में तैयार होने वाले उत्पादों को वैश्विक बाजार मिले और इसका सीधा लाभ हमारे महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादकों की आर्थिकी को मिले।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड



