उत्तराखंडपर्यटन

लोक संस्कृति और विरासत हमारी असली पहचान, संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री

New Tehri, 12 November, 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के थत्यूड़ में नौवें जौनपुर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए 52 करोड़ रुपये की लागत वाली 26 विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण कर जनता को बड़ी सौगात दी। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराएं हमारी असली पहचान हैं, जिनके संरक्षण और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़े रखने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के दौरान गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत का अनुवाद करने वाले साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को मुख्यमंत्री ने प्रतिष्ठित ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से भी नवाजा। गुरुवार को मुख्यमंत्री टिहरी जिले के धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के थत्यूड़ में नौवें जौनपुर महोत्सव का शुभारंभ करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र को 52 करोड़ रुपये की 26 विकास योजनाओं की सौगात भी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2016 में शुरू हुआ जौनपुर महोत्सव लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक विरासत को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।

ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। खेल गतिविधियों के जरिए ग्रामीण प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से उत्तराखंड के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। महोत्सव में विधायक प्रीतम सिंह पंवार और ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने क्षेत्र की विकास संबंधी मांगें रखीं। महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र और कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने स्मृति चिह्न भेंट किया। वहीं, गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत का अनुवाद करने वाले ग्रामसभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को मुख्यमंत्री ने ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से नवाजा।

कार्यक्रम में दायित्वधारी गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, नगर पालिका मसूरी अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, महोत्सव समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

  • 26 योजनाओं से विकास को मिलेगी गति: मुख्यमंत्री ने 30 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22 करोड़ रुपये की 15 योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण, शिक्षा, पशुपालन, सिंचाई और लघु सिंचाई सहित विभिन्न विभागों की योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने धनोल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग निर्माण की स्वीकृति देने के साथ पालीगाड से थत्यूड़ बाजार तक आवासीय बाढ़ सुरक्षा के लिए 273 लाख रुपये और भवान बाजार के आबादी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4.72 करोड़ रुपये की स्वीकृति की जानकारी दी। साथ ही थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने की घोषणा की। क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण और डामरीकरण संबंधी मांगों को भी विचार के बाद घोषणा में शामिल करने की बात कही।
  • कृषि, पर्यटन और रोजगार पर जोर: मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड निर्माण का कार्य गतिमान है। तिवाड़ गांव को होम स्टे गांव के रूप में विकसित किया गया है। एक जिला एक उत्पाद और हिमालय हाट जैसी पहल स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध करा रही हैं। उन्होंने ग्रामसभा साबली के प्रगतिशील किसान कबूल चंद पुंडीर के प्रयासों की सराहना की। पुंडीर सेब के साथ अदरक, कीवी, केसर, फूल, आलू और रोजमैरी की खेती कर स्वरोजगार को बढ़ावा दे रहे हैं। धामी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के करीब 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार दिया गया है। यूसीसी और सख्त नकल विरोधी कानून जैसे निर्णय भी सरकार की प्राथमिकताओं का हिस्सा हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button