उत्तराखंड

अब एक नीम के पौधे से सालभर में तैयार होंगे 30 नए क्लोन पौधे, दूसरे साल से ही लगेंगे फल

Dehradun, 17 November, 2026। वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई), देहरादून के वैज्ञानिकों ने नीम की व्यावसायिक खेती और गुणवत्तापूर्ण पौधों के उत्पादन की दिशा में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। संस्थान ने टिश्यू कल्चर और मिनी कटिंग विधि का संयुक्त उपयोग कर ऐसी नई तकनीक विकसित की है, जिससे एक ही नीम के पौधे से सालभर में करीब 30 उन्नत पौधे तैयार किए जा सकेंगे। शत-प्रतिशत तक की सफलता दर वाली इस क्लोनिंग तकनीक से तैयार पौधे सामान्य छह साल के बजाय महज दूसरे साल से ही फल देने लगेंगे, जिससे किसानों और औषधीय व जैविक कृषि उद्योग को सीधा लाभ मिलेगा। नई तकनीक से नीम की बेहतर किस्मों का तेजी से संवर्धन किया जा सकेगा। खास बात यह है कि बीज से पौधे तैयार करने के बजाय चुने हुए अच्छे गुणों वाले पौधों की क्लोनिंग की जाती है। इससे मूल पौधे के उपयोगी गुण नई पौधों में भी बनाए रखने में मदद मिलती है।

वैज्ञानिकों के अनुसार, नीम की उच्च गुणवत्ता वाली पौध तैयार करने में अभी तक लंबा समय लगता था। नई तकनीक से इस प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और तेज बनाया जा सकेगा। एफआरआई के वन आनुवंशिकी प्रभाग के वैज्ञानिक डॉ. अजय ठाकुर ने बताया कि इस तकनीक का उद्देश्य नीम की ऐसी उन्नत किस्मों को संरक्षित रखते हुए उनकी संख्या बढ़ाना है, जिनमें जल्दी फल देने और अधिक उत्पादन की क्षमता है। संस्थान ने ऐसी किस्मों की पहचान की है, जो सामान्य तौर पर छह साल में फल देना शुरू करती हैं, जबकि चयनित किस्मों में दूसरे साल से ही फल आने लगते हैं। उन्होंने बताया कि क्लोनिंग से उन्नत नीम किस्मों के गुण अगली पौध में बनाए रखे जा सकते हैं। इन शाखाओं से कली वाले तने के छोटे-छोटे टुकड़े काटे जाते हैं। इन्हें फफूंदनाशक से उपचारित करने के बाद जड़ विकसित करने वाले हार्मोन में डुबोया जाता है। इसके बाद वर्मीकुलाइट नामक माध्यम में लगाया जाता है। इसमें 21 दिन से एक महीने के भीतर जड़ें निकलनी शुरू हो जाती हैं।

एफआरआई में फिलहाल एक पौधे से पहले वर्ष में चार से पांच बार कटिंग प्राप्त की जा रही है। पौधे के परिपक्व होने के साथ इसकी संख्या बढ़ने की उम्मीद है। एफआरआई के अनुसार, नीम की व्यावसायिक खेती को बढ़ावा देने के लिए यह तकनीक महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। नीम का इस्तेमाल जैविक खेती, नीम कोटेड यूरिया, कीटनाशक, औषधियों और व्यक्तिगत देखभाल से जुड़े उत्पादों में होता है। इसके तेल में मौजूद एजाडिरेक्टिन और निम्बिन जैसे तत्व करीब 700 प्रजातियों के कीटों को दूर रखने में सहायक हैं।

  • दो माह में विकसित होती हैं नई शाखाएं: इस तकनीक में सबसे पहले जुलाई के आसपास मानसून के दौरान कटिंग लगाई जाती है। इन्हें छह से सात महीने तक विकसित किया जाता है। जब पौधे करीब एक मीटर ऊंचे हो जाते हैं, तब सर्दियों में इन्हें जमीन या ग्रो बैग में स्थानांतरित कर दिया जाता है। जनवरी में पौधे के तने को जमीन से लगभग 45 से 50 सेंटीमीटर की ऊंचाई तक काट दिया जाता है। इससे तने के निचले हिस्से से नई शाखाएं निकलने लगती हैं। मौसम अनुकूल रहने पर करीब हर दो महीने में नई शाखाएं विकसित होती हैं।
  • इफको के सहयोग से शुरू हुआ था प्रोजेक्ट: यह शोध कार्यक्रम वर्ष 2016 में भारतीय किसान उर्वरक सहकारी लिमिटेड (इफको) के सहयोग से शुरू किया गया था। इस पर पांच करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं और कार्यक्रम को पांच साल के लिए और विस्तार दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button