दिसंबर में जारी होगी ‘बैणी-भुली’ योजना की पहली किस्त, 5 लाख महिलाओं को मिलेगा सीधा लाभ

Gopeshwar, 18 November, 2026। उत्तराखंड सरकार प्रदेश की मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में ऐलान किया कि ‘बैणी-भुली योजना’ के तहत 5 लाख से अधिक महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता की पहली किस्त दिसंबर में ट्रांसफर कर दी जाएगी। दो किस्तों में मिलने वाली इस राशि के साथ ही सीएम ने चमोली जिले को 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास परियोजनाओं का तोहफा भी दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के साथ कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं।
चमोली की गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने चिपको आंदोलन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का जो संदेश दिया, वह आज भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी आजीविका के साधन बढ़ाने के लिए स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित कर रही है। मुख्यमंत्री ने नंदा गौरा योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि बेटी के जन्म पर 11 हजार और 12वीं पास करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तथा सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान भी किया गया है।
सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। इनमें महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्षा उत्तरा देवी, पाखी की अध्यक्षा मीना देवी, मधुमक्खी पालन में भुवना देवी, खेती में रामेश्वरी देवी, बांस उत्पाद निर्माण में उषा देवी और प्राकृतिक खेती में लीला देवी शामिल रहीं। कृषि, खेल, स्वरोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं और छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने चमोली जिले में 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 133.59 करोड़ की 16 योजनाओं का शिलान्यास और 16.18 करोड़ की 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। उन्होंने हेलंग-डूंगरी बरोसी, गोपेश्वर-पोखरी और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्गों के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा भी की। सम्मेलन में महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा से मुख्यमंत्री का स्वागत किया।



