उत्तराखंडक्राइम

छात्र गुटों में खूनी जंग, एक छात्र की हत्या, 3 गिरफ्तार

देहरादून। राजधानी के प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच वर्चस्व की जंग ने खूनी मोड़ ले लिया है। केहरी गांव में एक निजी शिक्षण संस्थान के छात्रों के बीच हुई हिंसक झड़प में मुजफ्फरनगर निवासी 22 वर्षीय छात्र दिव्यांशु जाटराना की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में संस्थान के ही तीन छात्रों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

घटनाक्रम के अनुसार, प्रेमनगर स्थित एक निजी कालेज में पढ़ने वाले छात्रों के दो गुटों के बीच पिछले कुछ समय से आपसी वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते सोमवार की रात केहरी गांव में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। इस हमले में 22 वर्षीय दिव्यांशु जाटराना पुत्र अमित जाटराना का ग्राम-अथाई, थाना-भोपा, जिला-मुजफ्फरनगर का निवासी था, गंभीर रूप से घायल हो गया। वह वर्तमान में प्रेमनगर में ही रह रहा था। सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दिव्यांशु को तत्काल प्रेमनगर सीएचसी ले गए। वहां से डाक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में एम्बुलेंस उपलब्ध न होने के कारण पुलिस ने घायल छात्र को सरकारी वाहन से ही दून अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण देर रात उपचार के दौरान दिव्यांशु की मृत्यु हो गई।

पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल तीन छात्रों को गिरफ्तार किया है, जो प्रेमनगर के विभिन्न इलाकों में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। पकड़े गए आरोपियों में युवराज कुमार ग्राम चांदीआरा, जिला भोजपुर (बिहार) , मधुर खंडेलवाल गंगापुर रोड, रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर) और शिवम शर्मा बिस्वा सरिया नगर, दानापुर, पटना (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया। इनमें युवराज कुमार बीबीए और मधुर खंडेलवाल, शिवम शर्मा बी-टेक दूसरे सेमेस्टर के छात्र हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button