आठ ऑपरेटर संभालेंगे केदारनाथ की हवाई कमान

देहरादून। केदारनाथ धाम की यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। निविदा प्रक्रिया के जरिए केदारनाथ हेली सेवा के लिए 8 प्रमुख ऑपरेटरों का चयन कर लिया गया है, जो गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी बेस कैंप से अपनी सेवाएं देंगे।
यात्रियों की सुविधा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए यूकाडा के सीईओ आशीष चौहान ने नई किराया सूची भी जारी कर दी है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार किराए में केवल मामूली बदलाव किया गया है, जिससे बुजुर्गों, दिव्यांगों और कम समय वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
प्राधिकरण के अनुसार, चयनित हेली आपरेटरों में गुप्तकाशी से दो, फाटा से चार और सिरसी से दो ऑपरेटरों को सेवा का संचालन करेंगे। इन सभी ऑपरेटरों के माध्यम से यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर और व्यवस्थित हवाई सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। यूकाडा का कहना है कि यह व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। हेली सेवाओं के संचालन से विशेष रूप से बुजुर्ग, दिव्यांग और समय की कमी से जूझ रहे श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी।
ये रहेगा किराया: गुप्तकाशी- 6,077 रुपये , फाटा – 4,840 रुपये, सिरसी- 3,043 रुपये । इन दरों पर जीएसटी अतिरिक्त देय होगा और किराया एकतरफा यात्रा के लिए लागू रहेगा



