आज होगा विधानसभा का विशेष सत्र, सदन में गूंजेगा महिला आरक्षण का मुद्दा

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र आज सुबह 11 बजे से शुरू होने जा रहा है, लेकिन इसके एजेंडे ने प्रदेश की सियासत में उबाल ला दिया है। सदन में ‘नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम’ पर चर्चा के साथ ही सत्तापक्ष, संसद में बिल गिराने को लेकर विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की रणनीति बना रहा है। जहाँ भाजपा इसे महिलाओं के सम्मान से जोड़ रही है, वहीं कांग्रेस ने इसे सरकार का चुनावी स्टंट करार दिया है। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने बताया कि विशेष सत्र की सभी तैयारियां पूरी हैं। सदन में महिला आरक्षण को लेकर चर्चा कराई जाएगी। सरकार के सूत्रों ने बताया कि सरकार चर्चा कराने के बाद विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाएगी। उधर, भाजपा और कांग्रेस दोनों इस मुद्दों को अलग-अलग तरह से भुना रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि विपक्ष ने संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम गिरा कर महिलाओं के साथ अन्याय किया है। इससे देवभूमि की मां और बहनों की भावनाओं को भी ठेस पहुंची है। महिलाओं को आवाज को देशभर में बुलंद करने के लिए विशेष सत्र आहूत किया गया है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ महिलाओं को बरगलाने की कोशिश कर रही है, लेकिन उसकी यह कोशिश नाकाम होकर रहेगी। कहा कि जब तीन साल पहले ही महिला आरक्षण कानून बन चुका है तो भाजपा सरकार उसे तत्काल प्रभाव से लागू क्यों नहीं करती है।



