
देहरादून। उत्तराखंड में आज फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल और हरिद्वार समेत राज्य के 8 जिलों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। सुरक्षा के मद्देनजर राज्य आपदा परिचालन केंद्र ने पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग और उच्च हिमालयी यात्राओं पर फिलहाल रोक लगा दी है। राज्य आपदा परिचालन केंद्र ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग और उच्च हिमालयी इलाकों की यात्रा पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि हादसों की संभावना को कम किया जा सके। मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 जून को कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज से अति तीव्र बारिश हो सकती है।
राज्य के शेष जिलों में भी तेज हवाओं और बिजली चमकने की संभावना बनी हुई है। आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। सड़क बाधित होने की स्थिति में उन्हें तुरंत खोलने के लिए पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई, बीआरओ सहित संबंधित एजेंसियों को तैयार रहने को कहा गया है। विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।



