उत्तराखंड में मतदाता सूची का सुपर चेकिंग अभियान तेज, 3 अक्टूबर को होगा अंतिम प्रकाशन

Dehradun, 26 September, 2026। प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत आगामी 3 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। अंतिम सूची को पूरी तरह से त्रुटिरहित और सटीक बनाने के लिए निर्वाचन विभाग ने ‘सुपर चेकिंग’ की प्रक्रिया तेज कर दी है।
इसी कड़ी में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को रायपुर विधानसभा क्षेत्र के सारथी विहार में औचक निरीक्षण कर मतदाता सूची और फार्म-7 के निस्तारण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की तथा स्थानीय लोगों से फीडबैक लिया। सुपर चेकिंग के दौरान सीईओ ने मतदाताओं से अभियान को लेकर फीडबैक भी लिया। उन्होंने बीएलओ और ईआरओ स्तर पर किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए फार्म-7 के निस्तारण की प्रक्रिया की जांच की।
निरीक्षण में फार्म-7 का नियमानुसार निस्तारण पाया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में बूथ स्तर पर बीएलओ पूरी गंभीरता और मेहनत से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंतिम प्रकाशन से पहले मतदाता सूची की जांच प्रक्रिया महत्वपूर्ण है, ताकि सूची को अधिक सटीक बनाया जा सके। उन्होंने प्रदेश के मतदाताओं से अपील की कि 3 अक्टूबर के बाद मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें।
किसी तरह की त्रुटि या समस्या होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई करें। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ईआरओ रायपुर डॉ. अपूर्वा सिंह समेत बीएलओ और अन्य कार्मिक मौजूद रहे।



