उत्तराखंड ऊर्जा विभाग में बड़ा उलटफेर: कई वरिष्ठ अधिकारी हटाए गए, नई नियुक्तियां जारी

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने ऊर्जा विभाग की कार्यप्रणाली को पटरी पर लाने और परियोजनाओं में तेजी लाने के उद्देश्य से एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शासन द्वारा जारी ताजा आदेशों के तहत उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) और उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (UJVNL) के शीर्ष स्तर पर भारी बदलाव किए गए हैं। प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम की ओर से जारी इन आदेशों में कई दिग्गज अधिकारियों की छुट्टी कर दी गई है, वहीं कुछ को विभाग की कमान संभालने की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। आदेशों के मुताबिक, उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) में निदेशक (परियोजना) के पद पर तैनात अजय कुमार अग्रवाल को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है। इसके अलावा, यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत संदीप सिंघल और अनिल कुमार को भी उनके पदों से मुक्त कर दिया गया है।
वहीं, उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (UJVNL) में भी प्रशासनिक स्तर पर बदलाव करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां दी गई हैं। गजेन्द्र सिंह बृजवाल और अजय कुमार सिंह को उनके मौजूदा दायित्वों के साथ निदेशक (परिचालन) और प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। हालांकि शासन ने स्पष्ट किया है कि इन अतिरिक्त कार्यों के लिए उन्हें किसी प्रकार का अतिरिक्त वेतन या भत्ता नहीं दिया जाएगा।
शासन के इन कड़े फैसलों के पीछे मुख्य उद्देश्य ऊर्जा क्षेत्र में लंबित पड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति देना और विभागीय कार्यक्षमता (Efficiency) को बढ़ाना है। सूत्रों का दावा है कि यह फेरबदल महज शुरुआत है; आने वाले दिनों में कुछ और बड़े अधिकारियों पर गाज गिर सकती है या उनके विभागों में बदलाव किया जा सकता है।



