उत्तराखंडपर्यटन

मसूरी रोपवे प्रोजेक्ट : मुख्‍यमंत्री धामी ने पुरुकुल में किया 18 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

देहरादून।  उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को पुरुकुल में 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान मसूरी रोपवे परियोजना के लोअर टर्मिनल तक पहुंचने वाली करीब 13 किलोमीटर मुख्य सड़क के उच्चीकरण का कार्य भी शुरू किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों का मजबूत ढांचा रोपवे की सफलता में अहम भूमिका निभाएगा, जिससे पर्यटकों को सुगम आवागमन मिलेगा और स्थानीय पर्यटन कारोबार को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने सैन्य धाम निर्माण, पेयजल योजनाओं और सड़क सुदृढ़ीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का जिक्र करते हुए राज्य को विकास के नए दौर में ले जाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी पर्यटन या वेडिंग डेस्टिनेशन की बात होती है तो सबसे पहले मसूरी का नाम सामने आता है। पहाड़ों की रानी मसूरी अपनी प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और बेहतर पर्यटन सुविधाओं के कारण देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करती है। ऐसे में सरकार केवल पर्यटन स्थलों का विकास ही नहीं कर रही, बल्कि वहां तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों को भी आधुनिक बनाया जा रहा है। रोपवे के लोअर टर्मिनल तक सड़क का उच्चीकरण इसी सोच का हिस्सा है, जिससे भविष्य में बढ़ने वाले पर्यटक दबाव को भी आसानी से संभाला जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बिना रुके और बिना थके अपने हर वादे को धरातल पर उतार रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और पर्यटन जैसी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत कर उत्तराखंड को विकास के नए दौर की ओर ले जाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य विकास कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं, जिनका सीधा लाभ स्थानीय जनता और पर्यटन उद्योग दोनों को मिलेगा। इस मौके पर दायित्वधारी ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी, भाजपा नेता वीर सिंह चौहान, नेहा जोशी, सीमा पुंडीर, लक्ष्मण सिंह रावत उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने बताया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण तेजी से चल रहा है, जो राज्य के वीर सैनिकों के सम्मान का प्रतीक बनेगा। वहीं जल जीवन मिशन के तहत गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना के माध्यम से अनेक गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक सड़क का सीआरएफ योजना के तहत सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। सहस्त्रधारा क्षेत्र में बाल्दी नदी के दोनों किनारों पर लगभग 1.5 किलोमीटर लंबाई में बाढ़ सुरक्षा कार्य और न्यू कैंट रोड क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी निर्माण भी किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button