उत्तराखंड

CM धामी ने देवप्रयाग के मेधावी छात्रों को दी शुभकामनाएं; कहा- देश के भविष्य की दिशा तय करने में युवाओं की भूमिका सबसे अहम

Tehri Grahwal, 14 Setptember, 2026। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कीर्तिनगर में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम के दौरान ‘भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण’ के 10वें संस्करण के तहत देश भ्रमण पर जाने वाले 68 मेधावी छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रहने के बजाय देश की विविधता, इतिहास और तकनीक को करीब से समझना बेहद जरूरी है। 16 सितंबर से शुरू हो रही इस यात्रा के जरिए दूर-दराज के मेधावी विद्यार्थियों को देश के प्रमुख ऐतिहासिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक संस्थानों को देखने व अनुभव करने का अवसर मिलेगा। रविवार को मुख्यमंत्री ने कीर्तिनगर विकासखंड के स्वामी मन्मथन प्रेक्षागृह में आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम के बाद देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के 10वें संस्करण के तहत भारत भ्रमण पर जाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से यात्रा की तैयारियों की जानकारी ली और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। धामी ने कहा कि विद्यार्थी भ्रमण के दौरान देश के विभिन्न क्षेत्रों की विशेषताओं और उपलब्धियों को समझें तथा वहां से मिलने वाली सीख को अपने जीवन में उतारें। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अनुभव स्कूल के अन्य साथियों के साथ साझा करने का आह्वान किया। कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने और गुरुजनों व माता-पिता के प्रति सम्मान बनाए रखने से सफलता की राह आसान होती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सतत विकास के क्षेत्र में पहाड़ी राज्यों में देश में प्रथम स्थान पर रहा है।

प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और नकल विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण कानून लागू किए गए हैं, जिनसे दूसरे राज्य भी प्रेरणा ले रहे हैं। विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि भारत दर्शन योजना से दूर-दराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को देश के बड़े संस्थानों और महत्वपूर्ण स्थलों को देखने का अवसर मिल रहा है। योजना के 10 वर्ष पूरे होना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ी है और बच्चे बेहतर अंक हासिल करने के लिए मेहनत कर रहे हैं। कई विद्यार्थी अब 96 प्रतिशत तक अंक प्राप्त कर रहे हैं। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, कुलपति प्रकाश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख कीर्तिनगर अंचला खण्डेवाल, प्रमुख देवप्रयाग विनोद बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्तिनगर राकेश मोहन मैठाणी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के 10वें संस्करण के तहत देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 68 मेधावी छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक 16 सितंबर को भारत भ्रमण के लिए रवाना होंगे। भ्रमण के दौरान ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक स्थलों और प्रमुख संस्थानों का अवलोकन कराया जाएगा। कार्यक्रम में कनकलता, आयुष, प्रियांशु और राघव केंतुरा को उत्कृष्ट लेखन के लिए सम्मानित किया गया। मंच संचालन मिस्टी रावत ने किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने इतिहास बनाया, उन्होंने सामान्य से असामान्य बनने के लिए ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ निरंतर प्रयास किया। दृढ़ संकल्प और ईमानदार प्रयास के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है और उत्तराखंड को विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button