उत्तराखंड

उत्तराखंड की नई पहल: अयोध्या में बनेगा देवभूमि की संस्कृति वाला भव्य अतिथि गृह

Dehradun, 14 September, 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर उत्तराखंड का आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग राज्य में विकास और सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा देने के लिए दो प्रमुख परियोजनाओं पर काम कर रहा है। इसके तहत अयोध्याधाम में ₹67.83 करोड़ की लागत से पहाड़ी वास्तुशैली और थीम-बेस्ड इंटीरियर वाला भव्य ‘राज्य अतिथि गृह’ बनाया जाएगा, जो देश-दुनिया तक देवभूमि की विरासत को पहुँचाएगा। वहीं, रुद्रपुर के मोदी मैदान में ₹23.32 करोड़ की संशोधित लागत से एक अत्याधुनिक इंडोर-आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं को बेहतरीन खेल सुविधाएँ और बेहतर अवसर मिलेंगे। अयोध्या में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह को केवल ठहरने की सुविधा तक सीमित नहीं रखा जाएगा।

भवन की डिजाइन में पारंपरिक पहाड़ी वास्तुशैली को प्रमुखता देने के साथ आंतरिक सज्जा में उत्तराखंड की संस्कृति और प्राकृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। अलग-अलग तल ओम पर्वत, ग्लेशियर, जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क और पंचाचूली जैसी थीम पर आधारित होंगे। मूल योजना में शामिल बारात घर को हटाकर भवन को अतिथि गृह की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि परियोजनाओं में गुणवत्ता, उपयोगिता, लागत संतुलन और भविष्य की जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या का अतिथि गृह देवभूमि की पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा, जबकि रुद्रपुर का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। मोदी मैदान में प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की लागत को संशोधित कर 2374.56 लाख से घटाकर 2332.05 लाख रुपये किया गया है। इंडोर परिसर में जिम, टेबल टेनिस और बैडमिंटन तथा आउटडोर में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, पिकलबॉल और टेनिस की सुविधाएं प्रस्तावित हैं। करीब एक किलोमीटर लंबा साइकिलिंग रूट और ट्रैक पाथ, टॉयलेट व चेंजिंग रूम भी बनाए जाएंगे। लागत में संतुलन के लिए बाउंड्रीवाल की जगह लोहे की ग्रिल का प्रावधान किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button