उत्तराखंडखेल

DCL 2026 : मुकेश के पचासे से थंडर कॉप्स और मनीष के तूफानी शतक से सचिवालय सुपर किंग्स विजयी

Dehradun, 06 October, 2026। डिपार्टमेंट क्रिकेट लीग में खेले गए दो अलग-अलग मुकाबलों में उत्तराखंड थंडर कॉप्स और सचिवालय सुपर किंग्स ने अपने-अपने मैच जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए पहले मुकाबले में मुकेश की 79 रनों की धुआंधार पारी के दम पर थंडर कॉप्स ने रूरल सुपर जायंट्स को 5 विकेट से हराया। वहीं, राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मनीष चौधरी के आतिशी नाबाद शतक (124) और वीरेंद्र कुमार की घातक गेंदबाजी (4 विकेट) की बदौलत सचिवालय सुपर किंग्स ने इरीगेशन सुपर टाइटंस को 51 रनों के बड़े अंतर से मात दी। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज ग्राउंड पर खेले गए पहले मुकाबले में उत्तराखंड थंडर कॉप्स ने रूरल सुपर जायंट्स को पांच विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रूरल सुपर जायंट्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट पर 160 रन बनाए, जिसमें शाकिर हुसैन के नाबाद 27 और दीपक खत्री के 26 रन शामिल रहे।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी थंडर कॉप्स की शुरुआत बेहद खराब रही और 18 रन पर 3 विकेट गिर गए थे, लेकिन विकेटकीपर-बल्लेबाज मुकेश ने 50 गेंदों में 11 चौकों और 1 छक्के की मदद से 79 रनों की आतिशी पारी खेलकर मैच का पासा पलट दिया। एसएन गोस्वामी के नाबाद 23 रनों के सहयोग से थंडर कॉप्स ने 17.1 ओवरों में 5 विकेट पर 161 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। वहीं, राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे मुकाबले में सचिवालय सुपर किंग्स ने इरीगेशन सुपर टाइटंस को 51 रनों से करारी शिकस्त दी। टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए सचिवालय सुपर किंग्स ने मनीष चौधरी के शतक के दम पर 19.4 ओवरों में 162 रन बनाए। मनीष ने महज 75 गेंदों में 14 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 124 रनों की नाबाद तूफानी शतकीय पारी खेली। जवाब में 163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इरीगेशन सुपर टाइटंस की पूरी टीम 18 ओवरों में महज 111 रनों पर ढेर हो गई। सचिवालय के वीरेंद्र कुमार ने कातिलाना गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 21 रन देकर 4 विकेट झटके और शिव कुमार ने भी 3 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button