उत्तराखंड के युवाओं के लिए विदेश में रोजगार के नए रास्ते: जमैका, इथियोपिया और जाम्बिया में भी खुलेंगे अवसर

Dehradun, 11 October, 2026। उत्तराखंड सरकार ने राज्य के युवाओं के लिए वैश्विक रोजगार के द्वार और अधिक चौड़े कर दिए हैं। जापान, जर्मनी और सऊदी अरब की सफलता के बाद अब सरकार की नजर जमैका, इथियोपिया और जाम्बिया जैसे देशों पर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर इन देशों में कुशल कामगारों की मांग और संभावनाओं को तलाशते हुए युवाओं को विदेशी मानकों के अनुरूप प्रशिक्षित करने की व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। हाल ही में मुख्यमंत्री धामी ने जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी, इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम और जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा के साथ बैठक की। इसमें तीनों देशों में रोजगार की संभावनाओं और कुशल कामगारों की मांग पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर अब इन देशों की जरूरतों के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षित करने की तैयारी है। वैश्विक रोजगार के लिए युवाओं को तैयार करने के उद्देश्य से प्रदेश में मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत अब तक 106 युवा विदेश में नौकरी हासिल कर चुके हैं। इनमें 75 जापान, एक जर्मनी और 30 युवा सऊदी अरब में कार्यरत हैं। ये युवा हेल्थ, हॉस्पिटैलिटी और अन्य क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे हैं। प्रदेश में जर्मन और जापानी भाषा के 158 प्रशिक्षण केंद्र संचालित हैं। सरकार अब विदेशी बाजारों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण का दायरा बढ़ाकर युवाओं के लिए रोजगार के नए विकल्प तैयार करने की दिशा में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना प्रदेश सरकार की कसौटी पर खरी उतरी है। योजना की सफलता को देखते हुए विदेशी भाषा प्रशिक्षण केंद्रों की संख्या बढ़ा दी गई है। युवाओं को वैश्विक मांग के अनुरूप आवश्यक कौशल और प्रशिक्षण देकर दक्ष बनाया जा रहा है। अधिकारियों को इसके लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।



