रोजगार तलाशने वाले नहीं, रोजगार सृजक बनें सूबे के युवा: मुख्यमंत्री

रुड़की, 28 जून 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश की युवा शक्ति को विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड का सबसे मजबूत स्तंभ बताया है। रुड़की में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का सुनहरा भविष्य नवाचार, विज्ञान, तकनीक और उद्यमिता से ही तय होगा। मुख्यमंत्री ने युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और रोजगार तलाशने के बजाय खुद रोजगार सृजक (रोजगार देने वाला) बनने की अपील की। उन्होंने साफ किया कि राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य एक ऐसा आत्मनिर्भर उत्तराखंड तैयार करना है, जहां युवाओं को अवसरों के लिए पहाड़ से पलायन न करना पड़े। आज रुड़की में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं को केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि विकसित भारत का सबसे मजबूत स्तंभ मानते हुए शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी पहलें लाखों युवाओं को आत्मनिर्भर बना रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड तैयार करना है, जहां युवाओं को रोजगार और अवसरों के लिए पलायन न करना पड़े। इसके लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना तथा ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ जैसे कार्यक्रम स्थानीय उत्पादों और युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में लागू देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून से भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आई है और पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है। साथ ही 20 मॉडल कॉलेज, महिला छात्रावास, आधुनिक आईटी लैब, परीक्षा भवन और उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। पिछले साढ़े चार वर्षों में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित होने से रोजगार और निवेश के अवसर भी बढ़े हैं।



