देहरादून में भारी बारिश की चेतावनी, 28 जुलाई को 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद

देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा देहरादून जनपद में अगले 24 घंटों के लिए भारी से अत्यधिक भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों पर मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, निजी और अशासकीय विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।
आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) और जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। जिला प्रशासन ने कहा है कि लगातार हो रही वर्षा के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने, भूस्खलन, जलभराव तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं की आशंका बनी हुई है। ऐसे में विद्यार्थियों और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।




