
Rudraprayag, 30, October, 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल मार्गदर्शन और रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के प्रभावी दिशा-निर्देशों के चलते इस वर्ष श्री केदारनाथ धाम यात्रा सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं में बाबा केदारनाथ के दर्शनों को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। इस यात्राकाल में अब तक 18,60,360 से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर पर माथा टेककर पुण्य लाभ अर्जित कर चुके हैं। विगत दो दिनों से केदारनाथ धाम में लगातार हो रही बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। केदारपुरी की चोटियों पर बिछी बर्फ की सफेद चादर और धाम के विहंगम व मनमोहक दृश्य श्रद्धालुओं को खूब आकर्षित कर रहे हैं। कड़ाके की ठंड और प्रतिकूल मौसम की चुनौतियों को दरकिनार करते हुए भक्त लगातार बाबा केदारनाथ के दर्शन कर रहे हैं और जय बाबा केदार के जयकारों से पूरी केदारघाटी गुंजायमान हो रही है।
श्रद्धालुओं की भारी संख्या और बदलते मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी के निर्देशों के तहत तीर्थयात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य देखभाल को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। धाम और पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं के ठहरने, खान-पान, अलाव, पेयजल और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं के समुचित और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके साथ ही, यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था सुचारू रखने के लिए संबंधित विभागों को लगातार निगरानी और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दुर्गम परिस्थितियों में भी यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके। जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सभी आवश्यक और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। प्रशासन की ओर से की गई इन त्वरित और ठोस व्यवस्थाओं के कारण विषम मौसम के बावजूद केदारनाथ धाम यात्रा सफलतापूर्वक और सुचारू रूप से संचालित हो रही है।



