उत्तराखंड

सल्ट में गोबर फेंकने गई 21 वर्षीय नवविवाहिता को बाघ ने बनाया निवाला, मौत

अल्मोड़ा/ रामनगर। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में सल्ट विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में बाघ का खौफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को डभरा सौराल के घोड़ीधार तोक में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ महज 21 वर्षीय नवविवाहिता शालिनी को घात लगाकर बैठे बाघ ने अपना शिकार बना लिया। महिला घर के पास गोबर फेंकने गई थी, तभी बाघ ने हमला कर उसे जंगल की ओर घसीट लिया। ग्रामीणों के काफी पीछा करने और शोर मचाने के बावजूद महिला को बचाया नहीं जा सका। बाद में वन विभाग और ग्रामीणों के संयुक्त सर्च अभियान में उसका शव बरामद हुआ। पूर्व बीडीसी सदस्य भीम सिंह नेगी ने बताया कि शालिनी (21 वर्ष) पत्नी रविंद्र सिंह घर के पास गोबर फेंकने गई थी। इस बीच घात लगाकर बैठे बाघ ने उस पर हमला कर दिया। नेगी के अनुसार पिछले साल ही शालू का विवाह हुआ था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी गंगाशरण के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) दीपक सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में ट्रैंकुलाइजिंग गन, पिंजरे और ड्रोन की मदद से गश्त एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। सल्ट क्षेत्र में बीते आठ महीनों के भीतर बाघ के हमलों में यह तीसरी मौत है। इससे पहले पिछले साल 31 दिसंबर को खोल्यों टोटाम गांव में घास लेने गई एक बुजुर्ग महिला और इसी साल 31 मार्च को तड़म गांव के 60 वर्षीय खीम सिंह की बाघ के हमले में जान चली गई थी। इसके अलावा तीन मई को महिपाल सिंह भी बाघ का शिकार बने थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button