
रामनगर (उत्तराखंड)। कॉर्बेट नेशनल पार्क की सीमा से लगे ग्राम सांवल्दे स्थित ‘एक्रोन हाईवे रिसॉर्ट’ में पुलिस ने देर रात एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी और स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गई इस छापेमारी में 52 युवक-युवतियों को आपत्तिजनक परिस्थितियों में पकड़ा गया है। पकड़े गए सभी आरोपी बाहरी राज्यों के रहने वाले हैं। पुलिस ने मौके से नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की 10 युवतियों को रेस्क्यू किया है।
इसके साथ ही रिसॉर्ट में अवैध रूप से संचालित किए जा रहे बार से भारी मात्रा में शराब, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। फिलहाल रिसॉर्ट का मैनेजर फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान रिसॉर्ट का मैनेजर फरार हो गया, जबकि वहां कार्यरत अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस फरार मैनेजर की तलाश में जुटी है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



