उत्तराखंड

सीएम धामी ने शौर्य स्थल पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को दिखाई हरी झंडी

देहरादून। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ीकैंट स्थित ‘शौर्य स्थल’ (चीड़बाग) पहुँचकर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय सेना के अदम्य साहस को सलाम करते हुए ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 1999 के युद्ध में दुर्गम पहाड़ियों पर हमारे वीर जवानों ने जो अद्भुत वीरता दिखाई, देश उनके सर्वोच्च बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा। शनिवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने देहरादून के गढ़ीकैंट स्थित शौर्य स्थल, चीड़बाग में आयोजित ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले उन्होंने शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके बलिदान को नमन किया।

मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं, पूर्व सैनिकों और आम नागरिकों ने भाग लेकर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को ‘वीरों की भूमि’ के रूप में जाना जाता है। राज्य के अनेक वीर सैनिकों ने कारगिल युद्ध सहित विभिन्न सैन्य अभियानों में अपने अद्वितीय साहस और सर्वोच्च बलिदान से देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है तथा उनके सम्मान और हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, मातृशक्ति, युवा और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button