उत्तराखंड

SIR के बाद उत्तराखंड की नई वोटर लिस्ट प्रकाशित: 1.29 लाख नए मतदाता जुड़े, 1.04 लाख के नाम काटे गए

Dehradun, 04 October, 2026। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। नई सूची के अनुसार प्रदेश में मतदाताओं की कुल संख्या घटकर 71,58,949 रह गई है, जो पुनरीक्षण से पहले दर्ज 79,60,762 की तुलना में करीब आठ लाख कम है। दावे और आपत्तियों के निस्तारण के दौरान 1,29,872 नए वोटरों के नाम जोड़े गए हैं, जबकि 1,04,708 अपात्र नामों को सूची से हटाया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चलाए गए पुनरीक्षण अभियान के बाद जारी सूची में 37,37,701 पुरुष, 34,21,036 महिला और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। प्रदेश में कुल 12,543 मतदेय स्थल हैं। दावे-आपत्तियों के दौरान 1,29,872 नए मतदाताओं को जोड़ा गया, जबकि नियमानुसार 1,04,708 नाम विलोपित किए गए। अंतिम सूची में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 72,656 युवा और 80 वर्ष से अधिक आयु के 1,22,892 मतदाता शामिल हैं। नई मतदाता सूची के अनुसार प्रदेश में 18-19 आयुवर्ग में मतदाताओं की संख्या 72656 है। वहीं 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 122892 मतदाता शामिल हैं।

अंतिम सूची जारी होने के बाद भी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्री-एसआईआर की मतदाता सूची का वर्तमान सूची से मिलान करेंगे। इसके बाद बूथवार छूटे मतदाताओं की सूची तैयार कर घर-घर जाकर उनकी वर्तमान स्थिति का सत्यापन किया जाएगा। पात्र पाए जाने वाले लोगों को फार्म-6 भरने में सहायता दी जाएगी। पहली बार मतदान के पात्र बने युवाओं को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। बीएलओ तैयार सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा करेंगे। निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूची उपलब्ध कराएंगे। आयोग के अनुसार नाइट शेल्टर, श्रमिक बस्तियों, बेघर और हाशिए पर रहने वाले लोगों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष बूथ स्तरीय शिविर लगाए जाएंगे। पात्र नागरिक फार्म-6 के माध्यम से ऑनलाइन अथवा बीएलओ के जरिए ऑफलाइन आवेदन कर सकेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button