उत्तराखंड

ज्योतिर्मठ के सिंहधार वार्ड में भालू का कहर: एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल, क्षेत्र में दहशत

Jyotirmath, 14 October, 2026। सीमांत नगर ज्योतिर्मठ में वन्यजीवों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार तड़के सिंहधार वार्ड में एक भालू ने घर में घुसकर मवेशियों को बचाने गए एक ही परिवार के चार सदस्यों पर अचानक हमला कर दिया, जिससे सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दर्दनाक घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और वन विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब तीन बजे बिंदेश कुमार (37) की गोशाला से मवेशियों के आवाज करने की आवाज सुनाई दी। इस पर बिंदेश कुमार और उनकी मां गोशाला की ओर गए। वहां पहले से मौजूद भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

परिजनों को संकट में देखकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे, लेकिन भालू ने उन पर भी हमला कर दिया। इस दौरान चारों लोग घायल हो गए। परिवार के सदस्यों ने शोर मचाकर किसी तरह भालू को वहां से भगाया। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद सिंहधार वार्ड और आसपास के इलाकों में लोगों में भय बना हुआ है।

स्थानीय लोगों ने नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में भालू की लगातार सक्रियता से जनसुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा है। स्थानीय निवासियों ने प्रभावित क्षेत्र में वन विभाग की नियमित गश्त बढ़ाने, भालू की गतिविधियों पर निगरानी रखने और आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही के बीच ज्योतिर्मठ में लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता गहराने लगी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button