आईपीएल की तर्ज पर अक्टूबर में शुरू होगा ‘डिपार्टमेंट क्रिकेट लीग 2.0’

देहरादून। सरकारी और गैर-सरकारी कर्मचारियों के बीच लोकप्रियता बटोरने वाला ‘डिपार्टमेंट क्रिकेट लीग’ (DCL) अपने दूसरे सीजन के साथ लौटने को तैयार है। आगामी अक्टूबर में शुरू होने वाले DCL 2.0 को लेकर डिपार्टमेंट स्पोर्ट्स सोसाइटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बैठक में सोसाइटी के अध्यक्ष दीपक जोशी की मौजूदगी में विभिन्न टीमों के फ्रेंचाइजी ओनर्स ने हिस्सा लिया और इस बार के आयोजन को पहले से कहीं अधिक रोमांचक और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। यह टूर्नामेंट पूरी तरह से आईपीएल की तर्ज पर खेला जाएगा, जिसमें खिलाड़ियों की नीलामी से लेकर रंगारंग आयोजन और मैदान पर कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।
उत्तराखंड के इतिहास में विभागों के लिए इतने बड़े पैमाने पर आज तक कोई बड़ी से बड़ी क्रिकेट एसोसिएशन भी ऐसा आयोजन नहीं करा सकी है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सोसाइटी के अध्यक्ष दीपक जोशी ने बताया कि डीसीएल का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों को खेल के जरिए एक मंच पर लाना है। इस बार पिछले सीजन की तुलना में ज्यादा से ज्यादा विभागों और खिलाड़ियों को जोड़ने का लक्ष्य है।गौरतलब है कि पिछला आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर के राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम और महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के मैदानों पर बेहद सफल रहा था। मीडिया प्रभारी रवि ब्रिज ने बताया कि डीसीएल 2.0 को डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से बड़े स्तर पर प्रमोट किया जाएगा।
अंत में सभी ने अक्टूबर के इस महाकुंभ को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। आगामी दिनों में टीमों के रजिस्ट्रेशन और मैचों के शेड्यूल की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी। बैठक की सबसे खास बात यह रही कि इसमें विभिन्न टीमों के फ्रेंचाइजी ओनर्स ने भी हिस्सा लिया। बैठक में योगेंद्र (ट्रेजरी टाइगर्स), प्रवेश सेमवाल (इरिगेशन सुपर टाइटंस), जसबीर सिंह (बैंकर्स यूनाइटेड), वीरेंद्र नेगी (सिडकुल राइजिंग स्टार्स) और आशुतोष विमल (सचिवालय सुपर किंग्स) सहित कई अन्य टीमों के मालिक मौजूद रहे।
- ये भी रहे मौजूद: इस उच्च स्तरीय बैठक में संगठन के शीर्ष पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनमें उपाध्यक्ष किरण सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, सचिव विनेश राणा, जॉइंट सेक्रेटरी आशुतोष विमल, तकनीकी सलाहकार टिकराज, कोषाध्यक्ष अमित घई, संप्रेषक अर्पित राठी, मीडिया प्रभारी रवि बृज और शैलेंद्र रोथाण ‘काकू’ शामिल थे।



