उत्तराखंडपर्यटन

लच्छीवाला नेचर पार्क पर्यटकों की पहली पसंद, गर्मी से राहत पाने उमड़ी भारी भीड़

देहरादून। उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शुमार डोईवाला का ‘लच्छीवाला नेचर पार्क’ इन दिनों पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से राहत पाने के लिए दिल्ली, उत्तर प्रदेश और स्थानीय क्षेत्रों से पहुंचे सैलानियों ने यहाँ पिछले कई सालों के रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। बीते शनिवार और रविवार को पार्क में साढ़े बारह हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे, जिससे वन विभाग को केवल रविवार के एक ही दिन में रिकॉर्ड 6 लाख 50 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। वन विभाग द्वारा विकसित की गई नई आधुनिक सुविधाओं, पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था और बेहतरीन कचरा प्रबंधन के चलते भारी भीड़ के बावजूद सैलानियों ने यहाँ सुरक्षित माहौल में संडे का भरपूर लुत्फ उठाया। रविवार को पार्क के मुख्य प्रवेश द्वार पर सुबह से ही टिकट लेने के लिए सैलानियों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। चिलचिलाती धूप और मैदानी इलाकों की भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए दिल्ली, उत्तर प्रदेश और स्थानीय क्षेत्रों से पहुंचे पर्यटक दिनभर पार्क की प्राकृतिक जलधाराओं में अठखेलियां करते नजर आए। वहीं दूसरी ओर चारों ओर फैली घनी हरियाली और शांत वातावरण के बीच बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने संडे का भरपूर लुत्फ उठाया।

हाल के दिनों में वन विभाग ने पार्क परिसर में किए गए नए प्रयोग और विकसित की गई सुविधाएं इस रिकॉर्डतोड़ भीड़ का मुख्य कारण मानी जा रही हैं। इस दौरान बच्चों के मनोरंजन के लिए लगाए गए आधुनिक झूले, ओपन प्ले एरिया, सुंदर बैठने की व्यवस्था और सुसज्जित पिकनिक स्पॉट ने इसे एक बेहतरीन पारिवारिक डेस्टिनेशन बना दिया है। इस दौरान अब परिवार के लोग यहां आकर पूरे दिन सुरक्षित माहौल में समय बिता रहे हैं। भारी तादाद में लोगों के पहुंचने के बावजूद पार्क प्रशासन की बेहतर तैयारियों के कारण कहीं भी अव्यवस्था देखने को नहीं मिली। वहीं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, कचरा प्रबंधन के लिए विशेष स्वच्छता अभियान और वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए पार्किंग व यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ रखा गया था। विभाग ने अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी गई। रेंज अधिकारी गंभीर सिंह धमांदा ने बताया कि बेहतर सुविधाओं और स्वच्छ माहौल के कारण ही लच्छीवाला के प्रति पर्यटकों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण की शुद्धता को बनाए रखना भी है, जिसके लिए सैलानियों से भी सहयोग की अपील की जा रही है।

रेंज अधिकारी गंभीर सिंह धमांदा ने बताया कि रविवार को केवल एक ही दिन में छह लाख पचास हजार का राजस्व प्राप्त हुआ, जो इस पार्क के इतिहास में अब तक की सर्वाधिक एक दिवसीय कमाई ने नया कीर्तिमान रचा है। उन्होंने बताया कि लच्छीवाला नेचर पार्क में पर्यटकों की रिकॉर्ड आमद का सीधा असर राजस्व पर दिखाई दिया। रेंज अधिकारी धमांदा ने बताया कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए वन विभाग ने सुरक्षा और स्वच्छता को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा है। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक कचरे को रोकने के लिए पार्क के भीतर विशेष निगरानी दल सक्रिय रहे। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक जलधाराओं के पास किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लाइफगार्ड्स और सुरक्षाकर्मियों को तैनात किए गए है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button