
देहरादून। उत्तराखंड में विकास कार्यों को और गति देने के लिए केंद्र सरकार ने पूंजीगत निवेश के तहत राज्य को बड़ी वित्तीय मदद दी है। विशेष सहायता (एसएएससीआई) और ‘प्राइड ऑफ हिल्स’ योजना के अंतर्गत उत्तराखंड के लिए कुल 2355.54 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत मिली इस भारी-भरकम राशि पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस मदद से उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के संकल्प को मजबूती मिलेगी। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार पूंजीगत निवेश के लिए विशेष सहायता योजना के तहत 71.94 करोड़ और इसी योजना में संचालित प्राइड ऑफ हिल्स (पर्वतीय राज्य के लिए विशेष विकास सहायता योजना के तहत उत्तराखंड के लिए कुल 2283.60 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इन दोनों स्वीकृति के बाद केंद्र सरकार राज्य को वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026- 27 के दौरान इस योजना के तहत अब तक 2355.54 करोड़ रुपए प्रदान कर चुकी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार उत्तराखंड के विकास में पूरा सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के संकल्प के अनुसार राज्य को विकसित भारत में अग्रणी राज्य बनाने के लिए कृतसंकल्प होकर कार्य कर रही है।


