अपनी क्रिएटिविटी से MDDA को दें नई पहचान! जीतें 50,000 का पहला इनाम

- प्रतियोगिता की तिथियां: 3 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक स्वीकार की जाएंगी प्रविष्टियां
- सख्त नियम: एआई (AI) से बने डिज़ाइन नहीं होंगे स्वीकार, मौलिकता और रचनात्मकता पर रहेगा जोर
- जनसहभागिता की पहल: एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी और सचिव मोहन सिंह बर्निया ने की अधिक से अधिक भागीदारी की अपील
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अपनी एक नई और प्रभावशाली पहचान बनाने के लिए आम जनता से सुझाव मांगे हैं। प्राधिकरण ने 3 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक चलने वाली “मैस्कॉट डिज़ाइन एवं स्लोगन प्रतियोगिता-2026” की घोषणा की है। एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य एक ऐसा मौलिक और आकर्षक मैस्कॉट तैयार करना है, जो प्राधिकरण के विकास कार्यों, नागरिक सहभागिता और जनजागरूकता का प्रतीक बन सके। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ मैस्कॉट बनाने वाले प्रतिभागी को ₹50,000 और सर्वश्रेष्ठ स्लोगन के लिए ₹10,000 का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। कलाप्रेमी, छात्र, डिज़ाइनर और आम नागरिक अपनी प्रविष्टियाँ JPEG, PNG या PDF प्रारूप में ऑनलाइन जमा कर सकते हैं, हालांकि AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) द्वारा जनरेट किए गए डिज़ाइन्स को प्रतियोगिता से बाहर रखा जाएगा।
मूल्यांकन रचनात्मकता, मौलिकता, व्यापक आकर्षण और विभिन्न माध्यमों में उपयोग की क्षमता के आधार पर किया जाएगा। एआई (AI) से तैयार किए गए डिज़ाइन प्रतियोगिता में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने शिक्षण संस्थानों, कलाकारों, डिज़ाइनरों, युवाओं और आम नागरिकों से प्रतियोगिता में अधिकाधिक भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि यह पहल जनसहभागिता के माध्यम से एमडीडीए की नई और प्रभावशाली पहचान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।



