उत्तराखंड

मौसम का अलर्ट: 6 अगस्त को देहरादून, चमोली और बागेश्वर में रहेंगे सभी स्कूल बंद

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में गुरुवार, 6 अगस्त 2026 को कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय, निजी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। मौसम विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान इन जिलों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक तीव्र बारिश होने की आशंका है। छात्रों की सुरक्षा और संभावित प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने यह एहतियाती फैसला लिया है।

देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आदेश जारी कर जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 6 अगस्त को अवकाश घोषित किया है। साथ ही मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तरह चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने भी मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12) तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश की घोषणा की है। संबंधित विभागों को आदेश का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बागेश्वर में प्रभारी जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल ने भी ऑरेंज अलर्ट के चलते सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को 6 अगस्त के लिए बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि आदेश की अवहेलना करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button