हादसों का मंगलवार: उत्तराखंड में नदी में डूबने और सड़क दुर्घटनाओं में 8 लोगों की मौत
देहरादून/अल्मोड़ा। उत्तराखंड के लिए बीता मंगलवार हादसों भरा रहा। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हुए सड़क हादसों और नदी में डूबने की घटनाओं में एक पुलिस दारोगा और बाहरी राज्यों के पर्यटकों समेत कुल आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मुनि की रेती में जहाँ ड्यूटी से लौट रहे चौकी प्रभारी की कार खाई में गिरने से जान चली गई, वहीं अल्मोड़ा और रामनगर में कोसी नदी में नहाने गए तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। इसके अलावा देवप्रयाग, रानीखेत और पौड़ी में हुए हादसों ने भी कई परिवारों को कभी न भूलने वाला जख्म दिया है।
अल्मोड़ा के रानीखेत क्षेत्र में सोनी-बिनसर मार्ग पर एक डस्टर वाहन करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में हल्द्वानी निवासी जीवन चंद्र जोशी की मौत हो गई, जबकि दूसरे की पहचान नहीं हो पाई।
अल्मोड़ा के देवस्थल मंदिर के पास कोसी नदी में मंगलवार दोपहर नहाने गए दो युवकों की डूबने से जान चली गई। पुलिस ने बताया कि उनकी शिनाख्त दुगालखोला निवासी सोनू कनवाल (27) और बागेश्वर निवासी धीरज सिंह गड़िया (38) के रूप में हुई। धीरज हल्द्वानी के मोटाहल्दू क्षेत्र में रह रहा था। ये दोनों अपने दोस्तों के साथ कोसी में नहाने गए थे।
रामनगर के ढिकुली क्षेत्र स्थित कोसी नदी में नहाने के दौरान एक रिजॉर्टकर्मी अजय आर्य (22) की डूबने से मौत हो गई। वह कनार (रानीखेत) का रहने वाला था। वह अपने एक साथी के साथ नदी में नहाने गया था। इसके अलावा पौड़ी के गुमखाल क्षेत्र में खाई में गिरने से मजदूर की मौत हो गई। उसकी पहचान पश्चिम बंगाल निवासी रबीउल हक के रूप में हुई है ।



