MDDA का अवैध निर्माणों पर कड़ा प्रहार; सहसपुर और मसूरी क्षेत्र में ध्वस्तीकरण, उपाध्यक्ष की सख्त चेतावनी

देहरादून। अवैध रूप से पैर पसार रहे प्रॉपर्टी डीलरों और बिना अनुमति निर्माण करने वालों के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अपना रुख बेहद सख्त कर लिया है। मंगलवार को प्राधिकरण ने सहसपुर और मसूरी क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए कई अवैध निर्माणों को मलबे में तब्दील कर दिया।
सबसे बड़ी चोट सहसपुर के ग्राम शेरपुर में नए हाईवे के पास की गई, जहां सुनील और अन्य भू-स्वामियों द्वारा लगभग पांच बीघा जमीन पर अवैध प्लॉटिंग का जाल बिछाया जा रहा था। एमडीडीए की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर इस अवैध प्लॉटिंग को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा सेलाकुई में सेंटेनियल स्कूल के पीछे सावेज द्वारा और मसूरी रोड (कोलूखेत) में कल्पना शर्मा, विक्रम रावत व विकास थापली द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माणों पर भी जमकर बुलडोजर चला। एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण का मकसद केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि क्षेत्र का सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना पूर्व स्वीकृति के काम करने वालों के खिलाफ सीलिंग और ध्वस्तीकरण की यह वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



